झिड़ी मेले की तैयारियों की खुली पोल, लखनपुर में घंटों जाम में फंसे श्रद्धालु प्रशासन और पुलिस के तमाम बंदोबस्त धरे रह गए

WhatsApp Channel Join Now
झिड़ी मेले की तैयारियों की खुली पोल, लखनपुर में घंटों जाम में फंसे श्रद्धालु प्रशासन और पुलिस के तमाम बंदोबस्त धरे रह गए


झिड़ी मेले की तैयारियों की खुली पोल, लखनपुर में घंटों जाम में फंसे श्रद्धालु प्रशासन और पुलिस के तमाम बंदोबस्त धरे रह गए


कठुआ, 24 नवंबर (हि.स.)। जम्मू में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले प्रसिद्ध झिड़ी मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर बैठकों और तैयारियों का खूब दावा किया गया लेकिन मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में लगे लंबे जाम ने इन तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी। बाहरी राज्यों से मेले में शामिल होने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और प्रदेश से बाहर जाने वाले यात्रियों को घंटों जाम में फंसकर परेशानी झेलनी पड़ी।

गौरतलब है कि झिड़ी मेले में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़क मार्ग से अपने निजी वाहनों के जरिए लखनपुर होकर जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करते हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन कठुआ और पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष बैठकें आयोजित करने के साथ लखनपुर का दौरा कर यातायात और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर आवश्यक प्रबंध करने के दावे किए गए थे। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई। मंगलवार को लखनपुर में हालात ऐसे रहे कि जम्मू-कश्मीर से पंजाब की ओर जाने वाले वाहनों की कतार करीब ढाई किलोमीटर तक पहुंच गई जबकि पंजाब की ओर से प्रदेश में प्रवेश करने वाले वाहनों को भी लंबे जाम का सामना करना पड़ा। श्रद्धालु और अन्य यात्री घंटों तक सड़कों पर फंसे रहे। हैरानी की बात यह रही कि जिस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन की संभावना थी, उसी दिन यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के इंतजाम नाकाफी साबित हुए।

लखनपुर में जाम की समस्या का सबसे बड़ा कारण टोल प्लाजा पर वर्षों से जारी निर्माण कार्य बताया जा रहा है। कई वर्षों से चल रहे इस कार्य के बावजूद इसका समाधान नहीं निकल पाया है। सीमित लेन और वाहनों के दबाव के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इसके अतिरिक्त लखनपुर अड्डे के आसपास बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहन भी यातायात में बाधा पैदा करते हैं। इन समस्याओं के बावजूद न तो टोल प्लाजा के निर्माण कार्य को समय पर पूरा करवाया जा सका और न ही अड्डे के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण नजर आया। हर वर्ष झिड़ी मेले जैसे बड़े आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए विशेष बैठकें होती हैं, अधिकारियों के दौरे होते हैं और यातायात सुचारु रखने के निर्देश जारी किए जाते हैं। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लखनपुर पहुंचते ही श्रद्धालुओं को घंटों जाम की परेशानी से गुजरना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब हर वर्ष इस समस्या की जानकारी प्रशासन को पहले से होती है तो फिर इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाला जाता? आखिर बैठकों और निरीक्षणों का लाभ आम यात्रियों को कब मिलेगा?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story