कठुआ में ईद-उल-अजहा की तैयारियों का जायजा, डीसी ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में ईद-उल-अजहा की तैयारियों का जायजा, डीसी ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश


कठुआ, 25 मई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को जिले में आगामी ईद-उल-अजहा के शांतिपूर्ण और सुचारू आयोजन को लेकर जिला अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एडीसी कठुआ महिमा मदान सहित पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निकाय, जल शक्ति, बिजली, खाद्य एवं आपूर्ति, ग्रामीण विकास, परिवहन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर समितियों को ईदगाहों, मस्जिदों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जल शक्ति विभाग को सभी धार्मिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और निर्बाध जलापूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमों को तैयार रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीमों, एम्बुलेंस और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और गुणवत्ता पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने पुलिस और ट्रैफिक विभाग को प्रमुख स्थानों पर विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे और कानून व्यवस्था कायम रहे।

उपायुक्त ने अंत में सभी विभागों से सामूहिक प्रयास करने की अपील करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा का पर्व जिले में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए। बैठक में एडीसीसी सुरिंदर मोहन शर्मा, एडीसी बसोहली, एडीसी बिलावर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story