बसोहली में ईद-उल-अजहा की तैयारियां तेज, स्वच्छता से लेकर सुरक्षा तक प्लान तैयार

WhatsApp Channel Join Now
बसोहली में ईद-उल-अजहा की तैयारियां तेज, स्वच्छता से लेकर सुरक्षा तक प्लान तैयार


बसोहली, 26 मई (हि.स.)। ईद-उल-अजहा के अवसर पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप-जिला स्तर पर त्योहार की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में तहसीलदार बसोहली सागर विश्वकर्मा, नगर समिति के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य, जल शक्ति, बिजली, खाद्य एवं आपूर्ति, ग्रामीण विकास और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। एडीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ईदगाहों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जल शक्ति विभाग को सभी धार्मिक स्थलों पर निर्बाध पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए, वहीं बिजली विभाग को त्योहार के दौरान लगातार बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम तैयार रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीम, दवाइयों और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग को प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए जबकि अग्निशमन विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया। इस बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जम्मू-कश्मीर नशा मुक्ति अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई। प्रशासन ने दोहराया कि सभी विभागों के सहयोग से ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story