जनगणना 2027 की तैयारी तेज, कठुआ में फील्ड ट्रेनर्स के लिए 3 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना 2027 की तैयारी तेज, कठुआ में फील्ड ट्रेनर्स के लिए 3 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


कठुआ, 23 अप्रैल (हि.स.)। डीसी कठुआ एवं प्रधान जनगणना अधिकारी राजेश शर्मा ने बुरूवार को डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में जनगणना 2027 (फेज-1 हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस) के तहत फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने जनगणना को सटीक योजना निर्माण और सुशासन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए प्रतिभागियों से पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण लेने की अपील की, ताकि आंकड़ों की सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।

प्रशिक्षण सत्र जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन अधिकारी सिद्धार्थ आनंद और जनगणना संचालन निदेशालय, जम्मू-कश्मीर के मास्टर ट्रेनर संजय कुमार द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें डिजिटल डेटा संग्रहण, जनगणना पद्धति और फील्ड स्तर के कार्यों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के नामित फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं, जो आगे जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण देंगे। वहीं बिलावर और बसोहली के अतिरिक्त उपायुक्त तथा हीरानगर और बनी के एसडीएम वर्चुअल माध्यम से जुड़े। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा, जिसका उद्देश्य जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए फील्ड ट्रेनर्स की क्षमता को मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story