बसोहली उत्सव की तैयारियां तेज, 13 से 21 अक्टूबर तक स्टेशन नहीं छोड़ सकेंगे अधिकारी/कर्मचारी

WhatsApp Channel Join Now
बसोहली उत्सव की तैयारियां तेज, 13 से 21 अक्टूबर तक स्टेशन नहीं छोड़ सकेंगे अधिकारी/कर्मचारी


बसोहली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बसोहली उत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर एडीसी पंकज भगोत्रा जेकेएएस ने मंगलवार को अपने कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 13 से 21 अक्टूबर तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी उनकी अनुमति के बिना स्टेशन नहीं छोड़ेगा। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीईओ बीबीडीए बीआर टंडन, एसडीपीओ ओम प्रकाश, डीएफओ सुरेश शर्मा, तहसीलदार सागर विश्व कर्मा, एसडीएओ रवि सिंह चैहान, नगर समिति के ईओ एवं बीडीओ राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। एडीसी ने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि उत्सव शुरू होने से पहले टाउन हॉल, सैनिक सराय, सरकारी डिग्री कॉलेज के निकट स्थित छात्रावास तथा वाटर स्पोर्ट्स सेंटर के पास पर्यटन विभाग के गेस्ट हाउस में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं बिजली विभाग को इन स्थानों के साथ रानी तालाब में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर समिति को उत्सव स्थलों, विशेषकर रानी तालाब, में साफ-सफाई और उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं एसडीपीओ को सुरक्षा प्रबंधों तथा वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए ताकि उत्सव में भाग लेने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एडीसी ने कहा कि वह उत्सव के लिए चयनित स्थलों का दोबारा दौरा कर वहां की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता से अपील की कि 19 से 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बसोहली उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और इस आयोजन का आनंद उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story