महिला कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार, सीपीआर और अग्निशमन के दिए गए व्यावहारिक प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महिला कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार, सीपीआर और अग्निशमन के दिए गए व्यावहारिक प्रशिक्षण


जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। जम्मू के मिशन शक्ति केंद्र, समाज कल्याण विभाग में सिविल डिफेंस जम्मू की ओर से एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल डिफेंस के प्रभारी डिप्टी कंट्रोलर एवं डीएसपी तजिंदर कौर (जेकेपीएस) के निर्देशन में किया गया। शिविर के संचालन में डिप्टी चीफ वार्डन आर. विजय मगोत्रा तथा पोस्ट वार्डन गुरदीप कौर ने समन्वय किया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की लगभग 30 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को आपातकालीन और आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), अग्निशमन, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तथा अन्य जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सिविल डिफेंस टीम ने विभिन्न आपात स्थितियों से निपटने का लाइव प्रदर्शन भी किया।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र की प्रशासक पल्लवी शर्मा और काउंसलर किरण सलान भी उपस्थित रहीं। उन्होंने सिविल डिफेंस जम्मू द्वारा आयोजित इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे आमजन में आपदा प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। डिप्टी चीफ वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने अपने संबोधन में प्राकृतिक आपदाओं, आगजनी, औद्योगिक दुर्घटनाओं तथा अन्य संकट की परिस्थितियों में सिविल डिफेंस वार्डनों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले स्वयंसेवकों के रूप में लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story