सुरक्षाबलों और पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में कई स्थानों पर चलाया तलाशी अभियान

WhatsApp Channel Join Now

पुंछ, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सुरक्षाबलों और पुलिस ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में कड़े सुरक्षा उपायों के तहत चार स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया।

यह तलाशी अभियान ऐसे समय में ही रहे हैं, जब हाल ही में पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर से सटे नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार एक संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस विस्फोट में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के चार संदिग्ध आतंकवादी मारे गए थे।

अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को गुरसाई के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने मेंढर सब-डिवीजन के गुरसाई-हारूनी-बैधर इलाके में एक सर्च ऑपरेशन चलाया।

एसओजी मेंढर और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने मिलकर धरणा गांव, कश्मीर मोहल्ला, बेहरी जंगल और आसपास के इलाकों में एक और संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।

एसओजी मनकोट ने भी मनकोट पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मंगलानू-चिल्ला वन क्षेत्रों में एक तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि इन अभियानों का उद्देश्य सुरक्षा को मजबूत करना और सीमावर्ती जिले में आतंकवादियों की संभावित गतिविधियों पर नजर रखना है।

इससे पहले मंगलवार को सथरबन के जंगलों में आतंकवादियों के एक ठिकाने का भी पर्दाफाश किया गया था, जिसमें आतंकवादियों के उस ठिकाने से एक ऑटोमैटिक राइफल, छह हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761846 Articles

Share this story