नशे के मामले में फंसा पुलिसकर्मी बर्खास्त, एसएसपी उधमपुर की सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

उधमपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। नशीले पदार्थों के मामले में संलिप्त पाए जाने पर उधमपुर पुलिस के एक कांस्टेबल को सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल अर्जुन शर्मा (नंबर 886/यू) के खिलाफ थाना रैंबन में एफआईआर नंबर 170/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज था। विभागीय जांच और पुलिस जांच में यह सामने आया कि टिकरी पुलिस पोस्ट की टीम ने नाका चेकिंग के दौरान आरोपी के कब्जे से हेरोइन बरामद की थी, जिसकी पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट में भी हुई। जांच में आरोपी का कृत्य गंभीर और पुलिस सेवा के विरुद्ध पाया गया। कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक मानते हुए एसएसपी उधमपुर ने जेके पुलिस नियम 359 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया। उधमपुर पुलिस ने दोहराया है कि नशे के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story