पुलिस पेंशनर्स फोरम ने सरकार से लंबित मांगें पूरी करने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 05 मई (हि.स.)।

नॉन-गजेटेड पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर फोरम जम्मू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जम्मू-कश्मीर के सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। फोरम के चेयरमैन अजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद सेवानिवृत्त हुए पुलिस कर्मियों को पे एनोमली का लाभ अब तक नहीं मिला है जबकि यह लाभ पूर्व प्रभाव से दिया जाना था। उन्होंने कहा कि कई सेवानिवृत्त कर्मचारी आर्थिक तंगी और बीमारी से जूझ रहे हैं तथा सरकार को कोर्ट के आदेशों को लागू कर राहत प्रदान करनी चाहिए।

फोरम ने मांग की कि वर्ष 2019 के बाद रिटायर हुए कर्मियों को भी ईसीएचएस कार्ड सुविधा दी जाए। साथ ही गुलशन ग्राउंड में एनजीओ मेस को पुनः शुरू करने और जम्मू की तर्ज पर श्रीनगर में भी एनजीओ मेस खोलने की मांग उठाई गई। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि जम्मू-कश्मीर में मेडिकल अलाउंस अब भी केवल 300 रुपये है जबकि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 1000 रुपये मिल रहे हैं इसलिए मेडिकल अलाउंस को बढ़ाकर 3000 रुपये किया जाए।

फोरम ने पुलिस कर्मियों के बच्चों को प्रोफेशनल कॉलेजों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने तथा दिव्यांग पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए विशेष सहायता की मांग भी की। संगठन ने सरकार से सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों की समस्याओं का जल्द समाधान कर उन्हें राहत देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story