तीन अलग-अलग मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 09 अप्रैल (हि.स.)। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि कश्मीर में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में एनडीपीएस अधिनियम (नशीली दवाओं और मनोरोगी पदार्थों) के तहत एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अनंतनाग जिले में पुलिस ने कथित ड्रग तस्कर इमरान अहमद वानी से संबंधित 80 लाख रुपये मूल्य का एक आवासीय मकान और एक कार एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68(एफ) के तहत जब्त की है। शोपियां जिले में पुलिस ने मोहम्मद शफी खंडे से संबंधित 15.78 लाख रुपये मूल्य का एक मंजिला आवासीय मकान जब्त किया। उन्होंने कहा, “यह संपत्ति नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से प्राप्त धन से खरीदी गई थी।”

प्रवक्ता ने बताया कि शोपियां के तीन्ज इलाके में पुलिस ने मोहम्मद अयूब डार से संबंधित 10.07 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति जब्त की है। उन्होंने आगे कहा कि 14 मरला की यह संपत्ति ड्रग्स और नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार से प्राप्त धन का उपयोग करके अधिग्रहित की गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story