मादक पदार्थ तस्करों की लगभग 80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

WhatsApp Channel Join Now

बडगाम, 15 मई (हि.स.) मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी कड़ी कार्रवाई को जारी रखते हुए बडगाम पुलिस ने आज मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चदूरा क्षेत्र में दो मादक पदार्थ तस्करों की लगभग 80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार चदूरा के चित्रू डांगरपोरा निवासी गुलाम मोहम्मद वानी के पुत्र गुलाम नबी वानी के लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के एक मंजिला आवासीय मकान को चदूरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/29 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 181/2025 के संबंध में जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि पिछले वर्ष मामले की जांच के दौरान परिसर से 300 किलोग्राम से अधिक अफीम की भूसी/फुक्की बरामद की गई थी। जांच में आगे पता चला कि संपत्ति नशीले पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन से खरीदी गई थी और इसका इस्तेमाल प्रतिबंधित पदार्थों के भंडारण, प्रसंस्करण और वितरण के लिए किया जा रहा था।

एक अन्य कार्रवाई में बडगाम पुलिस ने हसीपोरा चदूरा निवासी अब्दुल समद के पुत्र मोहम्मद हाशिम रैना के लगभग 50 से 55 लाख रुपये मूल्य के दो मंजिला आवासीय मकान को जब्त कर लिया। यह संपत्ति चदूरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 35/2026 के संबंध में जब्त की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पिछले महीने चदूरा के कसेरमुल्ला गांव में एक बैंड आरा मिल से 9 किलोग्राम से अधिक चरस जैसा पदार्थ बरामद किया गया था। पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों के नेटवर्क को नष्ट करने और अवैध मादक पदार्थों के व्यापार से अर्जित संपत्तियों को निशाना बनाने के चल रहे प्रयासों के तहत एनडीपीएस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story