उज्ज नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, नदी में फंसे 7 लोगों को पुलिस व एसडीआरएफ सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
उज्ज नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, नदी में फंसे 7 लोगों को पुलिस व एसडीआरएफ सुरक्षित निकाला


कठुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। उज्ज नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से माही चक क्षेत्र में नदी के बीच फंसे सात लोगों को कठुआ पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए लोगों में छह महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार सातों लोग मंगलवार को उज्ज नदी के पास गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वे नदी के बीच एक टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस थाना कठुआ की टीम इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। नगरी पुलिस पोस्टके प्रभारी सुरजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कठुआ सुनील केसरी और डीएसपी मुख्यालय कठुआ रविंदर सिंह की निगरानी में एसडीआरएफ टीम के साथ संयुक्त बचाव अभियान चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद बचाव दल ने सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाद में सभी को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस सफल अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित टीमों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई से लोगों की सुरक्षित निकासी संभव हो सकी। जिला पुलिस कठुआ ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और नदी, नालों व अन्य जलस्रोतों के समीप जाने से बचने की अपील की है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story