पीओजेके विस्थापितों का जम्मू में प्रदर्शन, सचिवालय मार्च को पुलिस ने रोका

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 24 अगस्त (हि.स.)।

पीओजेके डीपी फ्रंट के बैनर तले विस्थापित परिवारों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर महाराजा हरि सिंह पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता फ्रंट के अध्यक्ष कैप्टन (सेवानिवृत्त) युधवीर सिंह चिब ने की। प्रदर्शनकारियों ने बैनर और झंडे लेकर सचिवालय की ओर मार्च करने का प्रयास किया लेकिन डोगरा चौक के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

फ्रंट ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति की सिफारिश के अनुसार प्रत्येक विस्थापित परिवार को 30 लाख रुपये का पैकेज दिया जाना था जिसमें से करीब 5.5 लाख रुपये मिल चुके हैं और शेष 24.5 लाख रुपये अभी लंबित हैं। प्रदर्शनकारियों ने बाकी राशि जल्द जारी करने की मांग की। इसके अलावा गैर-कैंप पीओजेके विस्थापितों को जम्मू क्षेत्र में वापस ली गई कृषि भूमि में से भूमि आवंटित करने तथा अगस्त 2024 के सरकारी आदेशों के तहत कृषि भूमि पर मालिकाना हक देने की प्रक्रिया जल्द लागू करने की मांग भी उठाई।

फ्रंट ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story