जम्मू नगर रेहड़ी जोन में पीएम स्वनिधि महोत्सव आयोजित

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 13 नवंबर (हि.स.)।

शहरी स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जम्मू नगर निगम ने आज गांधी नगर रेहड़ी जोन में राष्ट्रव्यापी 'पीएम स्वनिधि महोत्सव' के अंतर्गत एक विशेष आउटरीच, जागरूकता और अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया।

आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में और आवास एवं शहरी विकास विभाग, जम्मू एवं कश्मीर के मिशन निदेशालय डे-एनयूएलएम के समन्वय से 15 अक्टूबर से 15 नवंबर, 2026 तक आयोजित हो रहे इस महोत्सव का उद्देश्य शहरी अर्थव्यवस्था में स्ट्रीट वेंडरों के योगदान को मान्यता देना और वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा लाभों तक उनकी पहुंच को मजबूत करना है। जेएमसी उन 76 चयनित शहरों में से एक है जिन्हें इस महोत्सव के लिए चुना गया है।

गांधी नगर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स (रेहड़ी-पात्री संचालक) ने कार्यक्रम में भाग लिया जिसने जम्मू नगर निगम के अधिकारियों, सहयोगी बैंकों के प्रतिनिधियों और डिजिटल भुगतान एग्रीगेटर्स के साथ सीधे संवाद का मंच प्रदान किया।

इस कार्यक्रम में जम्मू नगर निगम की आयुक्त आयुषी सूडान भी उपस्थित थीं जिन्होंने उद्यमशीलता की भावना, ऋण के समय पर भुगतान और वेंडिंग ज़ोन में स्वच्छता बनाए रखने के प्रयासों को मान्यता देते हुए उत्कृष्ट स्ट्रीट वेंडर्स, जिनमें महिला और दिव्यांग विक्रेता शामिल थीं को स्मृति चिन्ह भेंट किए।

विक्रेताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने उनसे अपने आसपास को साफ-सुथरा रखने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि जनता को केवल सुरक्षित, ताजे और स्वच्छता से तैयार उत्पाद ही उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्ट्रीट वेंडर्स शहरी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सार्वजनिक स्वास्थ्य और उपभोक्ता विश्वास के लिए उचित स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है।

प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभों के बारे में जागरूक किया गया विशेष रूप से 10,000, 20,000 और 50,000 की तीन प्रगतिशील किस्तों में बिना गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराने के बारे में। उन्हें समय पर ऋण चुकाने पर मिलने वाली ब्याज सब्सिडी के बारे में भी जानकारी दी गई। पात्र विक्रेताओं को नए ऋण के लिए आवेदन करने और उच्च ऋण किस्तों का लाभ उठाने के लिए मौके पर ही सहायता प्रदान की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story