श्रीनगर घाटी में विकास के लिए पीएम मोदी के विजन ने एक बड़ी छलांग लगाई है: चुघ

WhatsApp Channel Join Now


श्रीनगर, 25 फ़रवरी (हि.स.)।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर के पार्टी प्रभारी तरुण चुघ ने आज कहा कि आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नागरिक एन्क्लेव के विस्तार और विकास के लिए 1,677 करोड़ रुपये की मंजूरी के बाद घाटी के आर्थिक विकास में एक बड़ी छलांग लगेगी।

चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार कश्मीर घाटी में कनेक्टिविटी और विकास को प्राथमिकता देना जारी रखेगी। प्रस्तावित एकीकृत टर्मिनल भवन 73 एकड़ में फैला होगा और इसका कुल निर्मित क्षेत्र 71,500 वर्ग मीटर होगा। इससे यात्रियों की वार्षिक क्षमता बढ़कर 10 मिलियन हो जाएगी और व्यस्त समय में 2,900 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी।

15 विमानों को समायोजित करने के लिए एप्रन क्षेत्र का विस्तार और लगभग 1,000 वाहनों के लिए बहुस्तरीय पार्किंग की सुविधा से हवाई अड्डे का बुनियादी ढांचा वैश्विक मानकों के बराबर हो जाएगा। इससे डल झील, शंकराचार्य मंदिर और मुगल गार्डन जैसे प्रतिष्ठित स्थलों वाले इस क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना निर्माण और संचालन दोनों चरणों के दौरान पर्याप्त रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story