नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूरे, कठुआ में दिलाई गई नशे के खिलाफ शपथ

WhatsApp Channel Join Now
नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूरे, कठुआ में दिलाई गई नशे के खिलाफ शपथ


कठुआ, 22 अक्टूबर (हि.स.) नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जिला कठुआ में विभिन्न स्थानों पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

जिला मुख्यालय स्थित डीसी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला उपायुक्त राजेश शर्मा की मौजूदगी में अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला उपायुक्त सचिन जम्वाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य योजना अधिकारी, आईसीडीएस के परियोजना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज के सभी वर्गों को जागरूक करना और नशे की समस्या से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना रहा। जिले के विभिन्न हिस्सों में भी संबंधित विभागों और अन्य हितधारकों की भागीदारी से शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस पहल के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने, उनके स्वास्थ्य एवं भविष्य की रक्षा करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस, सामाजिक संगठनों और आम जनता की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नशे की समस्या के विरुद्ध सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story