मानसर झील में प्लास्टिक मुक्त अभियान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
मानसर झील में प्लास्टिक मुक्त अभियान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश


कठुआ, 26 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और मानसर झील की पारिस्थितिक स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को मानसर झील के आसपास प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। यह अभियान वन्यजीव वार्डन कठुआ विजय कुमार की देखरेख तथा सुरिनसर-मानसर-जसरोटा रेंज के रेंज अधिकारी वरिंदर सिंह सलाथिया के निर्देशन में आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान वन्यजीव संरक्षण विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए झील के आसपास से प्लास्टिक कचरा एवं अन्य गैर-बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट एकत्र किया। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर ब्लॉक अधिकारी मानसर-सुरिनसर विनय कुमार ने कहा कि मानसर झील को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें तथा कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

वन्यजीव विभाग ने मानसर झील की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता के संरक्षण के लिए नियमित सफाई अभियान, जागरूकता कार्यक्रम तथा पर्यावरणीय नियमों के कड़ाई से पालन का संकल्प दोहराया। साथ ही आम नागरिकों से भी ऐसे प्रयासों में सक्रिय सहयोग की अपील की गई ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story