चिकित्सकों को बच्चों में कैंसर के शुरुआती लक्षण पहचानने और समय पर रेफरल की दी गई जानकारी
जम्मू, 25 मई (हि.स.)। राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर ने इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स जम्मू शाखा तथा एसएमजीएस अस्पताल जम्मू के बाल रोग विभाग के सहयोग से एक विशेष ऑन्कोलॉजी कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कैंसर की शीघ्र पहचान और समय पर विशेषज्ञ उपचार केंद्रों तक रेफरल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस शैक्षणिक कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य पेशेवरों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिक एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए जिनका मुख्य उद्देश्य बाल कैंसर की पहचान और उपचार प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना था।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बच्चों में कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर रेफरल तथा सामान्य जांच रिपोर्टों की सही व्याख्या पर विस्तार से जानकारी दी। आरजीसीआईआरसी के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने व्यावहारिक और केस आधारित उदाहरणों के माध्यम से चिकित्सकों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। पहला वैज्ञानिक सत्र आरजीसीआईआरसी की सीनियर कंसल्टेंट रेडिएशन ऑन्कोलॉजी डॉ. अंजलि ने “मैलिग्नेंसी ऑर मिमिक व्हेन टू रेफर...” विषय पर प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि कई बार बच्चों में कैंसर के शुरुआती लक्षण सामान्य बीमारियों जैसे दिखाई देते हैं जिससे समय पर पहचान मुश्किल हो जाती है। उन्होंने चिकित्सकों से असामान्य लक्षणों को गंभीरता से लेने और समय पर रेफरल सुनिश्चित करने की अपील की।
दूसरा सत्र आरजीसीआईआरसी की कंसल्टेंट पीडियाट्रिक हीमैटोलॉजी ऑन्कोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. पायल मल्होत्रा ने “डिकोडिंग द सीबीसी इन ऑफिस प्रैक्टिस” विषय पर लिया। उन्होंने बच्चों की नियमित जांच में सीबीसी रिपोर्ट की सही व्याख्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रक्त जांच में दिखाई देने वाले छोटे बदलाव भी कई बार गंभीर रक्त संबंधी कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त किया गया।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से कैंसर देखभाल प्रणाली को मजबूत बनाने और चिकित्सकों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

