अनंतनाग स्थित जीएमसी में 'पेसमेकर घोटाले' के सामने आने के बाद पीडीपी ने सरकार पर जमकर हमला बोला
श्रीनगर, 20 जून (हि.स.)। विपक्षी पीडीपी ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर सरकार पर जमकर हमला बोला। अनंतनाग स्थित जीएमसी में 'पेसमेकर घोटाले' के सामने आने के बाद पीडीपी ने कहा कि यह धोखाधड़ी संस्थागत भ्रष्टाचार का परिणाम है।
सरकार पर निशाना साधते हुए पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की खराब स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को पटरी पर लाने के बजाय मंत्रियों की प्राथमिकताएं गलत हैं और वे पीडीपी के खिलाफ अपमानजनक बयानबाजी कर रहे हैं।
मुफ्ती ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार के संस्थागत भ्रष्टाचार के चलते अब जीएमसी अनंतनाग में एक बड़ा स्वास्थ्य घोटाला सामने आया है जहां हृदय रोग विशेषज्ञों ने उन अनजान मरीजों पर अनावश्यक उन्नत हृदय शल्यक्रियाएं कीं जिन्हें उनकी आवश्यकता भी नहीं थी! यह सब पीएम-जेएवाई योजना से धन की हेराफेरी करने के लिए किया गया।
गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अनंतनाग में बड़े पैमाने पर प्रक्रियात्मक अनियमितताओं की जांच में पता चला कि उन्नत हृदय शल्य चिकित्सा प्रक्रियाओं से गुजरने वाले लगभग 50 प्रतिशत मरीजों को इसकी आवश्यकता ही नहीं थी। जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की जांच में फर्जी बीमा दावों, मरीजों के शोषण और स्वस्थ मरीजों पर अनावश्यक प्रक्रियाओं का खुलासा हुआ जिसमें जीएमसी अनंतनाग के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सैयद मकबूल पर बड़े पैमाने पर प्रक्रियात्मक अनियमितताओं और आधिकारिक चिकित्सा अभिलेखों में हेरफेर का आरोप लगाया गया है।
मुफ्ती ने यह भी पूछा कि जब एनसी सरकार पर डॉक्टरों और सरकारी अधिकारियों के तबादलों के लिए लाखों रुपये वसूलने के गंभीर आरोप हैं तो जवाबदेही की क्या उम्मीद की जा सकती है ।
पीडीपी ने स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू पर अव्यवसायिक और अशिक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को और खराब करने और लोगों की जान जोखिम में डालने के लिए भी वे जिम्मेदार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

