भारी बारिश से हुए नुकसान पर पीडीएफ ने जताई चिंता, प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग
जम्मू, 24 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (पीडीएफ) के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हकीम मोहम्मद यासीन ने हालिया भारी बारिश और फ्लैश फ्लड से कश्मीर विशेषकर बडगाम जिले के बीरवाह क्षेत्र में हुए व्यापक नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मूसलाधार बारिश से कई रिहायशी मकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कृषि भूमि और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है जिससे बड़ी संख्या में परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हकीम यासीन ने विशेष रूप से बीरवाह के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा अन्य निजी संपत्तियों को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे अनेक लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार से नुकसान का तत्काल आकलन कर सभी प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने तथा क्षतिग्रस्त मकानों, दुकानों और अन्य संपत्तियों के पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की।
उन्होंने बडगाम के खाग, खानसाहिब और आसपास के क्षेत्रों में बिजली बिल बकाया होने के कारण बिजली आपूर्ति काटे जाने पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि भारी बारिश के बाद पहले से परेशान लोगों के लिए इस तरह की कार्रवाई उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने, बिजली उपभोक्ताओं के लिए एकमुश्त राहत या विशेष योजना लागू करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल करने की अपील की।
पीडीएफ अध्यक्ष ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए, प्रभावित परिवारों को बिना देरी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता से वंचित न रहने दिया जाए। साथ ही उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जिला प्रशासन व आपदा प्रबंधन अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

