बिजली समस्याओं को लेकर पीसीसी प्रतिनिधिमंडल ने पीडीडी अधिकारियों से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
बिजली समस्याओं को लेकर पीसीसी प्रतिनिधिमंडल ने पीडीडी अधिकारियों से की मुलाकात


जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। प्रोग्रेसिव सिटीजन्स काउंसिल (पीसीसी) मीरां साहिब के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट (पीडीडी) के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) अशोक कुमार दुबे और तकनीकी अधिकारी (टीओ) से मुलाकात कर आर.एस. पुरा उपमंडल के मीरां साहिब तथा आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी बिजली समस्याओं को उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल होना, लो वोल्टेज, अनियमित कटौती और अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं के कारण लोगों को विशेषकर गर्मी के मौसम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहे इसके प्रभाव का उल्लेख करते हुए बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार दुबे ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि विभाग इन समस्याओं से अवगत है और आवश्यक सुधारात्मक कदम पहले ही शुरू किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मीरां साहिब और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े बिजली संबंधी वास्तविक मुद्दों का समाधान अगले कुछ दिनों में कर दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग की सकारात्मक प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही जमीनी स्तर पर सुधार दिखाई देंगे। साथ ही परिषद ने कहा कि वह क्षेत्र की जनसमस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष लगातार उठाती रहेगी ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं और सार्वजनिक सेवाएं मिल सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story