युवाओं को स्वरोजगार की राह-कठुआ में 48 परियोजनाओं को मिली मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को स्वरोजगार की राह-कठुआ में 48 परियोजनाओं को मिली मंजूरी


कठुआ, 25 मई (हि.स.)। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत उपायुक्त कार्यालय परिसर कठुआ के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई।

बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त कठुआ ने जिला विकास आयुक्त कठुआ के दिशा-निर्देशन में की।

बैठक में जम्मू-कश्मीर खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा कार्यान्वित योजना के अंतर्गत कुल 60 आवेदन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इनमें से 11 आवेदक अनुपस्थित रहे, 1 आवेदन स्थगित किया गया जबकि गहन जांच और आवेदकों के साथ बातचीत के बाद 48 आवेदनों को बैंकों में प्रायोजित करने हेतु मंजूरी दी गई। इस अवसर पर जिला अधिकारी खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड कठुआ सुरिंदर पाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों एवं बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे जिनमें लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एसबीआई कठुआ, निदेशक एसबीआई आरसेती कठुआ, क्लस्टर हेड जे-के बैंक कठुआ, क्षेत्रीय प्रबंधक जे-के ग्रामीण बैंक कठुआ, प्रतिनिधि जिला उद्योग केंद्र कठुआ, प्रतिनिधि सरकारी आईटीआई कठुआ शामिल रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है जिससे जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story