पट्याडी वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का खिताब पलांवाला क्लब के नाम
जम्मू, 15 अप्रैल (हि.स.)। पट्याडी यूथ क्लब के तत्वावधान में आयोजित पट्याडी वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का खिताब पलांवाला क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में पलांवाला क्लब ने खोड़ क्लब को कड़े संघर्ष में 2–1 सेट से पराजित किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले सेट में पलांवाला क्लब ने 25–21 से बढ़त बनाई जबकि दूसरे सेट में खोड़ क्लब ने 25–22 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे सेट में पलांवाला क्लब ने 15–12 से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मोहन लाल भगत उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शमशेर सिंह और विशेष अतिथि के रूप में सोनिया वर्मा मौजूद रहे। टूर्नामेंट में अखनूर, परगवाल, जोड़ियां और आसपास के क्षेत्रों की लगभग 20 टीमों ने भाग लिया जिससे क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह देखने को मिला। अपने संबोधन में विधायक मोहन लाल भगत ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विजेता पलांवाला क्लब को 8,000 रूपये नकद, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए, जबकि उपविजेता खोड़ क्लब को 4,000 रूपये नकद राशि के साथ सम्मानित किया गया। खोड़ टीम के कप्तान युवराज सिंह को मैन ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और पट्याडी यूथ क्लब के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। टूर्नामेंट का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

