पक्का डंगा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
जम्मू, 05 फ़रवरी (हि.स.)।
पक्का डंगा थाना पुलिस ने तेज़ और सटीक कार्रवाई करते हुए झपटमारी की एक वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 45 हजार रुपये कीमत की सोने की बाली बरामद की है और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 जनवरी 2026 को दीवान मंदिर क्षेत्र निवासी अंसूया शर्मा पत्नी शिव कुमार शर्मा ने पक्का डंगा थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत में उन्होंने बताया कि दिनदहाड़े एक अज्ञात युवक उनके घर में घुसा और उनके कान से सोने की बाली झपटकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पक्का डंगा थाना पुलिस ने तुरंत एफआईआर नंबर 05/2026 के तहत धारा 331(4), 304 बीएनएस में मामला दर्ज किया। इसके बाद थाना पक्का डंगा और चौक चबूतरा चौकी की एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए अफगान मोहल्ला पक्का डंगा क्षेत्र से झपटी गई सोने की बाली बरामद कर ली। साथ ही वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पक्का डंगा पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई से पीड़िता को उसका कीमती सामान वापस मिल सका। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

