पुंछ में एलओसी के पास पाकिस्तानी घुसपैठिया गिरफ्तार
पुंछ, 28 जून(हि.स.)। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर में एक 31 वर्षीय पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारतीय सेना के जवान तैनात थे। इस महीने जिले में यह तीसरी ऐसी घटना है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के निवासी रईस खान को एलओसी पार करके भारतीय सीमा में घुसने के तुरंत बाद बालाकोट सेक्टर से हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए घुसपैठिए से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
उससे पूछताछ की जा रही है ताकि सीमा पार करने के पीछे का मकसद और भारतीय सीमा पर उसके किसी भी संपर्क या उद्देश्य का पता लगाया जा सके।
यह गिरफ्तारी इस महीने की तीसरी ऐसी घटना है। शुक्रवार को एक अन्य पाकिस्तानी अधिकृत कश्मीरी घुसपैठिए मोहम्मद सज्जाद (26) को पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर के गुलपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। 9 जून को 14 वर्षीय जावेद अली को हिरासत में लिया गया और एक सप्ताह बाद पाकिस्तान को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

