फारूक अब्दुल्ला ने पहलगाम आतंकी हमले को जम्मू-कश्मीर के लिए बड़ा झटका बताया
श्रीनगर, 21 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले को जम्मू-कश्मीर के लिए एक बड़ा झटका बताया और इस घटना में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पत्रकारों से बात करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि वह उन सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं, जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाई। अमेरिका-ईरान वार्ता के प्रस्तावित दूसरे दौर पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने आशा व्यक्त की कि निरंतर संवाद से अंततः शांति स्थापित होगी और कहा कि शांतिपूर्ण समाधान का कोई विकल्प नहीं है।
उन्होंने कहा कि वार्ता के कई दौर हो सकते हैं, लेकिन अंततः शांति ही कायम होगी। दुनिया को केवल शांति के माध्यम से ही बचाया जा सकता है। महिला आरक्षण विधेयक पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आरक्षण के विरोध में नहीं है और याद दिलाया कि 2023 में जब यह विधेयक पेश किया गया था, तब इसे बहुमत से पारित किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

