जम्मू-कश्मीर में 58 लाख से अधिक युवा खेल गतिविधियों से जुड़े
जम्मू,, 05 फ़रवरी (हि.स.)।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ वर्षों के दौरान खेल गतिविधियों और प्रदर्शन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2021–22 से अब तक प्रदेश के 58 लाख से अधिक युवा विभिन्न खेल गतिविधियों से जुड़े हैं, जबकि खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 2,556 पदक हासिल किए हैं। इन पदकों में 843 स्वर्ण, 737 रजत और 976 कांस्य शामिल हैं, वहीं 84 अंतरराष्ट्रीय पदक भी जीते गए हैं। शहरी, ग्रामीण, जनजातीय और सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं ने माय यूथ माय प्राइड, हर दिन खेल और नशा मुक्त भारत अभियान जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की।
आंकड़ों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर देश में सबसे अधिक खेलो इंडिया केंद्र स्थापित करने वाला केंद्र शासित प्रदेश बन गया है, जहां प्रतिदिन 5,000 से अधिक बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही खेल अवसंरचना के विस्तार, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

