कठुआ में अवैध रूप से उगाई गई अफीम की 21.68 किलोग्राम से अधिक की फसल जब्त
जम्मू, 17 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिले में अवैध रूप से उगाई गई अफीम (पोस्त) की 21.68 किलोग्राम से अधिक की फसल जब्त की है और इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बिलावर के पल्लन क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती की विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में पुलिस की एक टीम ने एक अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21.68 किलोग्राम अफीम की फसल जब्त की और कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस ने कठुआ की बिलावर तहसील के पल्लन निवासी खुशी मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बिलावर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

