खेल सुविधाओं की बदहाली पर भड़का आक्रोश-युवाओं ने स्टेडियम पर जड़ा ताला, सड़क जाम कर किया जोरदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
खेल सुविधाओं की बदहाली पर भड़का आक्रोश-युवाओं ने स्टेडियम पर जड़ा ताला, सड़क जाम कर किया जोरदार प्रदर्शन


कठुआ, 02 अगस्त (हि.स.)। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार शाम को युवाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित युवाओं ने स्टेडियम के बाहर पुलिस लाइन मार्ग पर सड़क जाम कर दी और स्पोर्ट्स काउंसिल व खेल मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने स्टेडियम के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और विरोध स्वरूप पुतला भी फूंका।

युवाओं का कहना है कि पिछले कई वर्षों से स्टेडियम की खस्ता हालत को लेकर संबंधित विभागों को बार-बार अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टेडियम में न तो खेल सामग्री उपलब्ध है और न ही मैदान की स्थिति खेलने योग्य है। जगह-जगह टूटी दीवारों के कारण मवेशी अंदर घुस आते हैं। इसके अलावा पीने के पानी लाइटें जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक ओर प्रशासन नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के बड़े-बड़े दावे करता है वहीं दूसरी ओर खेल सुविधाओं का यह हाल युवाओं को हतोत्साहित कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपे गए लेकिन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवाओं को समझाकर सड़क खोलने का प्रयास किया इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई लेकिन युवक अपने रुख पर अड़े रहे।

युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्टेडियम की स्थिति सुधारने के लिए फंड जारी नहीं किया गया तो आगामी 15 अगस्त को मुख्य अतिथि के रूप में कठुआ आने वाले खेल मंत्री के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story