अंडर-19 टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
अंडर-19 टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन


जम्मू, 03 जुलाई (हि.स.)। युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल भावना को बढ़ावा देने और सामुदायिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय सेना ने राजौरी जिले के कोटरंका स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खवास में अंडर-19 टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया। प्रतियोगिता में जिले भर की आठ टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान करना था। इस दौरान खिलाड़ियों को फिटनेस, धैर्य और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।

रोमांचक मुकाबलों के बाद खेले गए फाइनल में केरी यंगस्टर ने खवास इलेवनस्टार को कड़े मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, उत्साह और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया जिसकी स्थानीय लोगों और दर्शकों ने सराहना की।

समापन समारोह में भारतीय सेना की ओर से विद्यालय और स्थानीय युवा टीमों को क्रिकेट उपकरण भी वितरित किए गए ताकि क्षेत्र में खेल गतिविधियों को और बढ़ावा मिल सके तथा युवाओं की खेलों में निरंतर भागीदारी सुनिश्चित हो।

स्थानीय लोगों और प्रतिभागियों ने भारतीय सेना की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उनकी प्रतिभा निखारने और समाज में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्षेत्र में युवा सशक्तिकरण और जनकल्याण के लिए सेना द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story