रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 2026 में 34 बच्चे सुरक्षित किए

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 17 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत वर्ष 2026 में सराहनीय कार्य किया गया है। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों से परिवार से बिछड़े, लापता या अकेले मिले कुल 34 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू किए गए बच्चों में 24 नाबालिग लड़के और 10 नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। आरपीएफ जवानों ने जम्मू मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अभियान के तहत लगातार निगरानी और गश्त करते हुए इन बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया।

बच्चों को रेस्क्यू करने के बाद उन्हें तत्काल भोजन, देखभाल और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद नियमानुसार सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और पहचान सत्यापित किए जाने के बाद बच्चों को उनके माता-पिता अथवा संबंधित परिजनों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आरपीएफ जवानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है और इसमें बच्चों तथा महिलाओं की सुरक्षा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और मजबूत किया जाएगा ताकि रेल परिसर में कोई भी बच्चा असुरक्षित न रहे।

‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ भारतीय रेलवे और आरपीएफ का एक मानवीय अभियान है जिसके तहत रेलवे परिसरों में परिवार से बिछड़े, खोए हुए अथवा घर से भागे बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जाता है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उनके परिजनों से मिलाया जाता है।

यह अभियान बच्चों को तस्करों, अपराधियों और गलत संगति के संभावित खतरे से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आरपीएफ कर्मी रेलवे स्टेशनों पर लगातार निगरानी रखते हुए जरूरतमंद और अकेले बच्चों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा रेलवे परिसर में अकेला या भटका हुआ दिखाई दे तो तत्काल आरपीएफ हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story