सेना ने ऑपरेशन सद्भावना के तहत एक माह का बढ़ईगीरी प्रशिक्षण करवाया संपन्न, 15 युवाओं को मिले प्रमाणपत्र और टूल किट

WhatsApp Channel Join Now
सेना ने ऑपरेशन सद्भावना के तहत एक माह का बढ़ईगीरी प्रशिक्षण करवाया संपन्न, 15 युवाओं को मिले प्रमाणपत्र और टूल किट


जम्मू, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सद्भावना के तहत डोडा जिले के गांव ग्वारी में आयोजित एक माह के बढ़ईगीरी (कारपेंटर) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया। 1 जून से चले इस प्रशिक्षण का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों तथा आतंकवाद प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 15 युवाओं ने भाग लिया।

योग्य प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को बढ़ईगीरी के मूलभूत कौशल, विभिन्न उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, कार्यकुशलता, सुरक्षा मानकों तथा फर्नीचर निर्माण की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने अपने सीखे हुए कौशल का प्रदर्शन करते हुए तीन कंप्यूटर टेबल तैयार कीं जिन्हें कौशल विकास में सहयोग के प्रति सम्मान और आभार स्वरूप आईटीआई कॉलेज बंगरू को भेंट किया गया।

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर सभी प्रतिभागियों को भारतीय सेना और आईटीआई द्वारा प्रमाणित प्रमाणपत्र तथा बढ़ईगीरी के टूल किट प्रदान किए गए ताकि वे सीखे गए कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू कर सकें।

समापन समारोह के दौरान प्रशिक्षित युवाओं ने भारतीय सेना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें रोजगार प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहल से क्षेत्र में युवाओं के लिए सम्मानजनक आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story