कारगिल विजय दिवस पर भाजपा ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कारगिल योद्धा सूबेदार मेजर कमल सिंह का किया सम्मान
जम्मू, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर ने केंद्रशासित प्रदेश के विभिन्न स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कारगिल युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देने वाले मानद सूबेदार मेजर कमल सिंह को भी सम्मानित किया गया।
भाजपा जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने विधायक चौधरी विक्रम रंधावा और पूर्व पार्षद सुरजीत पप्पू चौधरी के साथ मिलकर मानद सूबेदार मेजर कमल सिंह का सम्मान किया। कमल सिंह, 13वीं बटालियन जम्मू-कश्मीर राइफल्स के सूबेदार परमतम सिंह के पुत्र हैं। नेताओं ने बताया कि कारगिल युद्ध के दौरान 12-13 जून 1999 को द्रास सेक्टर में रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तोलोलिंग चोटी पर कब्जा करने वाले आक्रमण दल में कमल सिंह की अहम भूमिका रही थी। इसके अलावा 19 जून 1999 को प्वाइंट 5140 पर सफल अभियान में भी उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उनके पिता सूबेदार परमतम सिंह की 1962 और 1971 के युद्धों में सेवाओं का भी उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर सत शर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं बल्कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कारगिल की विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों का शौर्य देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। विधायक चौधरी विक्रम रंधावा ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान अमूल्य है और युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशसेवा के लिए प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं सुरजीत पप्पू चौधरी ने कहा कि भारतीय सैनिकों का साहस और समर्पण देश की सबसे बड़ी ताकत है और उनके बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मानद सूबेदार मेजर कमल सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि कारगिल युद्ध में लड़ने वाले सभी सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान है जिन्होंने देश की सेवा में अपना योगदान दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

