गुरु रविदास जयंती पर 'समरसता संकल्प अभियान' को गांव-गांव पहुंचाएगी भाजपा, 'हर घर तिरंगा' अभियान की भी तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now
गुरु रविदास जयंती पर 'समरसता संकल्प अभियान' को गांव-गांव पहुंचाएगी भाजपा, 'हर घर तिरंगा' अभियान की भी तैयारियां तेज


जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित 'समरसता संकल्प अभियान' को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में अखनूर में आयोजित जिला कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष भारत भूषण, जिला प्रभारी विनय गुप्ता, जिला अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जम्मू जिला अध्यक्ष एडवोकेट राजेश गुप्ता, विधायक मोहन लाल भगत, पूर्व विधायक राजीव शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की संत परंपरा ने समाज को मानवता, समानता, करुणा और सामाजिक न्याय का संदेश दिया है। उन्होंने संत गुरु रविदास को महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध आवाज उठाई और एकता, समरसता तथा समानता का मार्ग दिखाया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और अभियान को सामाजिक समरसता का जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस बीच भाजपा मुख्यालय त्रिकुटा नगर में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अशोक कौल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर 'समरसता संकल्प अभियान' और आगामी 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रशपाल वर्मा, महामंत्री बलदेव सिंह बिलावरिया, विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

अशोक कौल ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति समाज के साथ निरंतर संवाद और भारत की सांस्कृतिक विरासत के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर आधारित है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अभियान को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आगामी 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने के लिए 15 अगस्त से पहले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने तथा लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story