उमर अब्दुल्ला ने पंजाब के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पंजाब से गुजरने वाले जम्मू-कश्मीर के पशु परिवहन वाहनों से अनाधिकृत शुल्क वसूली के मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 29 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर पंजाब से गुजरने वाले जम्मू-कश्मीर के पशु परिवहन वाहनों से अनाधिकृत शुल्क वसूली के मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

लिखे पत्र में उमर ने जम्मू-कश्मीर के पशु व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को हो रही कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त की है और इसके लिए उन्होंने अखिल कश्मीर थोक मटन डीलर्स यूनियन द्वारा दिए गए अभ्यावेदनों का हवाला दिया है।

पत्र के अनुसार जम्मू-कश्मीर से जाने वाले पशुओं से लदे वाहनों को मवेशी मेलों से जुड़े ठेकेदार समूहों द्वारा रोका जा रहा है और वैध परमिट और सभी आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद उनसे अनाधिकृत शुल्क वसूला जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की रुकावटों से ट्रांसपोर्टरों को अनावश्यक देरी, वित्तीय नुकसान और कठिनाई हो रही है साथ ही पशु कल्याण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story