वृद्ध आश्रम अम्फल्ला ने 70 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 16 मई (हि.स.)।

जम्मू के अम्फल्ला स्थित वृद्ध आश्रम द्वारा आज ग्रामीण पंचायत क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक राहत वितरण शिविर का आयोजन किया गया। करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से प्रेरित इस पहल के तहत 10 किलो आटा, 5 किलो चावल, 3 किलो दाल, 2 किलो चीनी और 2 किलो नमक युक्त राशन किट कुल 70 जरूरतमंद परिवारों को वितरित किए गए। यह राहत सामग्री अपर घरोटा-बी, लोअर रंजन, अपर रंजन, लोअर जंडियाल, अपर जंडियाल और डूमी पंचायतों के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल राहत सामग्री उपलब्ध कराना ही नहीं बल्कि संघर्ष कर रहे परिवारों को उम्मीद, सम्मान और भावनात्मक सहारा प्रदान करना भी रहा।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की पहचान और समन्वय का कार्य कुलदीप सिंह लंगेह द्वारा किया गया जिनके प्रयासों की प्रबंधन समिति ने सराहना की। इस अवसर पर डॉ. दिनेश गुप्ता (सचिव), विजय कुमार (संयुक्त सचिव), प्रबंध समिति सदस्य सरदार राजिंदर सिंह, सतपाल शर्मा, विजय धवन तथा सामाजिक कार्यकर्ता राघव गुप्ता उपस्थित रहे। डॉ. दिनेश गुप्ता ने अपील की कि 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे बुजुर्ग जो अकेले, असहाय और बिना देखभाल के जीवन व्यतीत कर रहे हों, उन्हें वृद्ध आश्रम में आश्रय एवं देखभाल हेतु भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्था लगातार ऐसे बेसहारा बुजुर्गों की पहचान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन देने के लिए कार्य कर रही है। पूरा कार्यक्रम मानवीयता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से परिपूर्ण रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story