जीजीएम साइंस कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों ने बाल निकेतन का किया दौरा
जम्मू, 01 जून (हि.स.)। सरकारी गांधी मेमोरियल (जीजीएम) साइंस कॉलेज, जम्मू के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों ने चल रहे एनएसएस ग्रीष्मकालीन शिविर के तहत अम्फल्ला स्थित बाल निकेतन का दौरा किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान में रह रहे बच्चों को भावनात्मक सहयोग, प्रोत्साहन और आत्मीयता प्रदान करना था। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के दौरान स्वयंसेवकों ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और उन्हें विभिन्न मनोरंजक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल किया। इस दौरान बच्चों और स्वयंसेवकों के बीच सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा शर्मा और डॉ. राहुल कैत ने स्वयंसेवकों का नेतृत्व करते हुए समाज सेवा और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं प्रो. पूनम कुंदन ने भी स्वयंसेवकों को समाज के वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी जारी रखने के लिए प्रेरित किया। दौरे के दौरान स्वयंसेवकों ने बाल निकेतन के प्रबंधन से बातचीत कर संस्थान की कार्यप्रणाली और बच्चों के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भविष्य में संस्था को सहयोग देने और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
बाल निकेतन के प्रबंधन और कर्मचारियों ने एनएसएस स्वयंसेवकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कॉलेज का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन स्वयंसेवकों द्वारा समाज के उत्थान और मानव सेवा के लिए निरंतर कार्य करने की शपथ के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

