जीडीसी बसोहली में एनएसएस विशेष शीतकालीन शिविर का समापन, विद्यार्थियों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
जीडीसी बसोहली में एनएसएस विशेष शीतकालीन शिविर का समापन, विद्यार्थियों को किया सम्मानित


कठुआ, 26 फरवरी (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज बसोहली की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित 7 दिवसीय विशेष शीतकालीन शिविर का समापन गुरुवार को भव्य समारोह के साथ हुआ। शिविर का आयोजन 20 से 26 फरवरी तक कॉलेज प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि बसोहली विधायक दर्शन कुमार को एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन लाल ने एनएसएस को युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियां, नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञों के साथ संवाद तथा सामुदायिक सेवा जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अपने संबोधन में विधायक दर्शन कुमार ने एनएसएस इकाई, कॉलेज प्रशासन और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर युवाओं के व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में सभी स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवकों राधिका देवी और मेहक ठाकुर ने किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story