एनएसएफ ने अशफाकउल्ला खान को दी श्रद्धांजलि, नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर का लिया संकल्प
जम्मू, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नेशनल सेक्युलर फोरम (एनएसएफ) विश्वविद्यालय इकाई ने विश्वविद्यालय परिसर में शहीद अशफाकउल्ला खान की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर अशफाकउल्ला खान जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारों के बीच उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जेकेएनसी के प्रांतीय संयुक्त सचिव अंकुश अबरोल मुख्य अतिथि थे जबकि जोनल सचिव केंद्रीय क्षेत्र डॉ. विकास शर्मा ने अध्यक्षता की। एनएसएफ के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष विक्षय वशिष्ट विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अंकुश अबरोल ने अशफाकउल्ला खान के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि समाज में फैली नशाखोरी जैसी बुराइयों का उन्मूलन है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। वहीं डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि एनएसएफ युवाओं को नशे की समस्या से बचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि अशफाकउल्ला खान को सच्ची श्रद्धांजलि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य दर्जा बहाल करने के संघर्ष से ही होगी।
विक्षय वशिष्ट ने कहा कि अशफाकउल्ला खान को 19 दिसंबर 1927 को फैजाबाद जेल में फांसी दी गई थी। मातृभूमि के प्रति उनका प्रेम और निष्ठा उन्हें लोगों के बीच अमर बना गया। कार्यक्रम में इरफान अहमद ने स्वागत भाषण और अभिषेक उप्पल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

