एनपीएस कर्मचारियों ने अंबेडकर जयंती पर ओपीएस बहाली की मांग उठाई

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 14 अप्रैल (हि.स.)।

जम्मू में एनपीएस (नेशनल पेंशन सिस्टम) कर्मचारियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाते हुए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली की मांग को फिर से जोरदार तरीके से उठाया। इस दौरान कर्मचारियों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर में ओपीएस/यूनिफाइड पेंशन स्कीम लागू करने की अपील की।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्य संरक्षक गणेश खजूरिया के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के सामाजिक न्याय, समानता और श्रमिक अधिकारों के लिए दिए गए योगदान को याद किया और कहा कि पेंशन सुरक्षा उनके सिद्धांतों के अनुरूप है।

सभा को संबोधित करते हुए चेयरमैन अश्वनी शर्मा, महासचिव सुरिंदर कैथ, रवि कैथ सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि एनपीएस के तहत कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है, क्योंकि इसमें निश्चित पेंशन की गारंटी नहीं होती और यह बाजार जोखिमों पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि इसके विपरीत पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों को स्थिरता, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन प्रदान करती है। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए ओपीएस को बहाल करने की मांग की और कहा कि कई राज्यों द्वारा इस दिशा में कदम उठाए जा चुके हैं।

कर्मचारियों ने उपराज्यपाल से जम्मू-कश्मीर में यूनिफाइड पेंशन स्कीम लागू करने और कर्मचारियों को एनपीएस से यूपीएस में बदलाव का विकल्प देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को अन्य राज्यों के कर्मचारियों के समान अधिकार और अवसर मिलने चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने और अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story