बड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन पर विकसित होगा जम्मू मंडल का पहला आधुनिक वेयरहाउस

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 13 अक्टूबर (हि.स.)।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल आधारित माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन पर पहली बार आधुनिक वेयरहाउस और स्टोरेज यूनिट विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इसके निर्माण और संचालन के लिए रेलवे ने निविदाएं आमंत्रित की हैं।

यह परियोजना कार्गो रिलेटेड फैसिलिटी नीति के तहत शुरू की जा रही है।

रेलवे के अनुसार यह उत्तर रेलवे जोन में इस नीति के अंतर्गत पहली परियोजना होगी। इसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में माल के सुरक्षित भंडारण, तेज लोडिंग-अनलोडिंग और बेहतर आपूर्ति व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार परियोजना को रेल मंत्रालय द्वारा 4 अक्टूबर को जारी रेल लॉजिस्टिक्स और कार्गो संबंधी सुविधाओं की नीति के दिशानिर्देशों के तहत विकसित किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि बड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन पर आधुनिक वेयरहाउस का विकास जम्मू मंडल के साथ-साथ पूरे उत्तर रेलवे के लिए महत्वपूर्ण शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय व्यापारियों, उद्योगपतियों और किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। आधुनिक भंडारण और कार्गो हैंडलिंग सुविधाएं उपलब्ध होने से माल की ढुलाई में लगने वाला समय और लागत कम करने में मदद मिलेगी।

उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य ऐसा आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करना है जिससे जम्मू-कश्मीर में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

रेलवे ने इच्छुक निवेशकों, लॉजिस्टिक्स कंपनियों और अन्य आवेदकों से ई-टेंडरिंग प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

परियोजना से संबंधित निविदा दस्तावेज, नियम और शर्तें रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story