जीएमसी कठुआ में गैर-राजपत्रित कर्मचारियों की हड़ताल, सेवा भर्ती नियम बनाने और भेदभाव खत्म करने की मांग
कठुआ, 17 अगस्त (हि.स.)। सरकारी मेडिकल कॉलेज कठुआ में गैर-राजपत्रित कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने सेवा भर्ती नियम तैयार करने कर्मचारियों के साथ भेदभाव समाप्त करने और स्वास्थ्य विभाग में गैर-राजपत्रित कर्मचारियों की भूमिका को उचित सम्मान देने की मांग उठाई है।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से चलाने में गैर-राजपत्रित कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और वे स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और लंबित मांगों की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के लिए स्पष्ट एवं उचित सेवा भर्ती नियम तत्काल बनाए जाएं, सेवा से जुड़े मामलों में समानता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त किया जाए। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें किसी एक व्यक्ति या वर्ग के खिलाफ नहीं हैं बल्कि वे अपने अधिकारों, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य व्यवस्था के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने सरकार से बातचीत कर उनकी मांगों का जल्द समाधान करने की अपील की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

