जम्मू-कश्मीर में आवश्यक वस्तुओं की तत्काल कमी नहीं: मुख्यमंत्री उमर
जम्मू, 02 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे घटनाक्रम केंद्र सरकार और जनता दोनों के नियंत्रण से परे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जम्मू-कश्मीर की स्थिति काफी हद तक राष्ट्रीय परिदृश्य को प्रतिबिंबित करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में फिलहाल ईंधन सहित आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है और अगले 10 से 15 दिनों के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है।
अब्दुल्ला अपने पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के साथ विधानसभा में भाग लेने के बाद पश्चिम एशिया संकट पर मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बाकी हिस्सों में जो भी स्थिति होगी, वही जम्मू-कश्मीर में भी दिखेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता का कोई कारण नहीं है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मौजूदा संघर्ष लंबा खिंचता है और देश के अन्य हिस्सों में कमी आती है, तो इसका प्रभाव केंद्र शासित प्रदेश पर भी पड़ सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई हालिया समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आश्वासन दिया गया है कि कई स्रोतों से आपूर्ति जारी रखी जा रही है। उन्होंने कहा, “इस समय घबराने की कोई जरूरत नहीं है। स्थिति में कोई भी बदलाव होने पर हम जनता को सूचित करेंगे।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

