कश्मीर में पारा हिमांक बिंदु से नीचे गिरने से रातें फिर से हुई ठंडी
कश्मीर, 16 दिसंबर (हि.स.)। कश्मीर में रात के तापमान में अचानक भारी गिरावट देखी गई घाटी के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू और कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सोमवार रात के 1.9 डिग्री सेल्सियस से लगभग चार डिग्री कम है।
मौसम विभाग के मुताबिक सड़के शहर और घाटी के अधिकांश हिस्सों विशेषकर जल निकायों के आसपास के इलाकों में घने कोहरे की चादर छा गई। दक्षिण कश्मीर के काज़ीगुंड में न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि उत्तर कश्मीर के कुपवारा में तापमान -1.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान -0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से 0.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। कश्मीर घाटी में गुलमर्ग एकमात्र ऐसा स्थान था जहां रात का तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर रहा। दक्षिण कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान -2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के कोनिबल और पुलवामा शहर जम्मू और कश्मीर में सबसे ठंडे स्थान रहे जहां न्यूनतम तापमान -4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर धीरे-धीरे चिल्लई कलां की ओर बढ़ रहा है जो 21 दिसंबर से शुरू होने वाली 40 दिनों की सबसे भीषण सर्दी का दौर है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में भारी गिरावट आती है। इस सर्दी में अब तक घाटी में कोई बड़ी बारिश नहीं हुई है। शुष्क मौसम के कारण खांसी और जुकाम जैसी बीमारियों में वृद्धि हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 दिसंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है
जिसके बाद 21 दिसंबर तक घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है जो चिल्लई कलां के प्रारंभ के साथ मेल खाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

