लंबित मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय में की नारेबाजी

WhatsApp Channel Join Now
लंबित मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय में की नारेबाजी


कठुआ, 16 सितंबर (हि.स.)। समान काम के लिए समान वेतन समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को लगातार आठवें दिन भी जारी रही। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत एनएचएम कर्मचारी सीएमओ कार्यालय कठुआ में एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी लंबित मांगों को लेकर पिछले कई वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन अभी तक सरकार और प्रशासन की ओर से उनकी मांगों के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारियों का कहना था कि स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संस्थानों जिनमें जीएमसी समेत अन्य स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं में उनसे नियमित कर्मचारियों की तरह ही काम और सेवाएं ली जा रही हैं लेकिन वेतन एवं अन्य अधिकारों की बात आने पर उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

एनएचएम कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने सरकार को अपनी मांगों पर निर्णय लेने के लिए दो माह का समय दिया था लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी लंबित मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया जाता तब तक उनका आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story