एनएचएम कर्मचारी 18 सितंबर से 72 घंटे की हड़ताल पर

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 06 सितंबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर नेशनल हेल्थ मिशन एम्प्लॉइज एसोसिएशन ने एनएचएम कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित सेठ ने कहा कि कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मिशन निदेशालय, प्रशासन और सरकार के समक्ष कई बार ज्ञापन, बैठकें और चर्चाएं कीं लेकिन कई अहम मुद्दे अब भी लंबित हैं।

एसोसिएशन ने एनएचएम कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए समयबद्ध प्रक्रिया, समान कार्य के लिए समान वेतन, पात्र कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग का लाभ, सेवा के दौरान मृत्यु पर परिवार को 30 लाख रुपये की सहायता, सेवानिवृत्ति पर 20 लाख रुपये का लाभ, लंबित लॉयल्टी बोनस जारी करने, वन-टाइम ट्रांसफर नीति लागू करने और वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने जैसी मांगें रखी हैं।

रोहित सेठ ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से धैर्य बनाए हुए हैं और अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। एसोसिएशन ने सरकार से स्पष्ट निर्णय, रोडमैप और ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए 18 सितंबर से केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर हड़ताल और विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story