जसरोटा में विकास की नई उड़ान-जसरोटिया ने 45 लाख के कार्यों का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
जसरोटा में विकास की नई उड़ान-जसरोटिया ने 45 लाख के कार्यों का किया उद्घाटन


कठुआ, 18 मार्च (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने पंचायत सेसवां और बन्न में 45 लाख की लागत से 12 विकास कार्यों तथा दो नए ट्रांसफॉर्मरों का उद्घाटन किया।

इन परियोजनाओं के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया गया है। वहीं नए ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना से क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलने और बिजली आपूर्ति अधिक सुचारू होने की उम्मीद जताई गई है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे जिन्होंने विधायक का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार जताया।

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क संपर्क, पेयजल, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी सामने रखीं।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि जसरोटा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और ग्रामीण व दूरदराज इलाकों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की जायज मांगों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। विधायक ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

उन्होंने लोगों से विकास कार्यों में सहयोग और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील भी की। स्थानीय लोगों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को बल मिलेगा, खासकर नए ट्रांसफॉर्मरों से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम का समापन जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story