नीट-2026 की तैयारियों की समीक्षा-कठुआ में पुख्ता सुरक्षा व सुचारु व्यवस्था के निर्देश
कठुआ, 23 अप्रैल (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को डीसी कार्यालय परिसर में नीट-2026 परीक्षा के सुचारु आयोजन को लेकर एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में 3 मई 2026 को होने वाली परीक्षा के लिए लॉजिस्टिक्स, स्टाफ तैनाती और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जानकारी दी गई कि जिले में दो परीक्षा केंद्र गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (बॉयज) कठुआ और आर्मी पब्लिक स्कूल जंगलोट में स्थापित किए गए हैं, जहां क्रमशः 600 और 566 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा स्टाफ की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और पारदर्शिता व अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि परीक्षार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विशवजीत सिंह, डीएसपी रविंदर सिंह, केंद्रीय विद्यालय जंगलोट के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

