ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को वितरित किए नेक फैन व पावर बैंक

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को वितरित किए नेक फैन व पावर बैंक


जम्मू, 18 जून (हि.स.)। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की सेवाओं और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए एफआईसीसीआई फ्लो जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख (जेकेएल) ने लक्ष्यम के सहयोग से पुलिस मुख्यालय जम्मू में 100 पोर्टेबल नेक फैन और 60 से अधिक पावर बैंक वितरित किए। यह पहल उन ट्रैफिक कर्मियों के लिए की गई जो भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों में लंबे समय तक सड़क पर ड्यूटी देकर यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

कार्यक्रम में डीआईजी ट्रैफिक जम्मू-कश्मीर निशा नाथ्याल और एसएसपी ट्रैफिक जम्मू अमित भसीन उपस्थित रहे जिन्होंने इस प्रयास की सराहना की।

इस अवसर पर एफआईसीसीआई फ्लो जेकेएल की चेयरपर्सन वर्षा बंसल ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस कर्मी प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में जनता की सेवा करते हैं और यह पहल उनके प्रति आभार व्यक्त करने का एक छोटा प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेक फैन और पावर बैंक उनकी ड्यूटी के दौरान कुछ राहत प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में वरुणा आनंद और सोना मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि यह पहल समाज में सेवा, संवेदनशीलता और फ्रंटलाइन कर्मियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story