एनसीडब्लू ने एक महिला जेकेएएस अधिकारी के साथ आईएएस अधिकारी द्वारा की गई बदसलूकी का स्वतः लिया संज्ञान
जम्मू, 16 अक्टूबर (हि.स.)
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्लू) ने एक वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है। इस वीडियो में कथित तौर पर एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार राजीव रंजन, एक आधिकारिक समीक्षा बैठक के दौरान एक महिला जूनियर अधिकारी के साथ बदसलूकी करते, उसे अपमानित करते और धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एनसीडब्लू की अध्यक्ष विजया राहटकर ने जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने वीडियो की सत्यता की जांच करने, निष्पक्ष पूछताछ कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उचित अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
आयोग ने कार्यस्थल पर होने वाले उत्पीड़न, प्रताड़ना और पेशेवर प्रतिशोध को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों की मांग की है, साथ ही महिला अधिकारी को सुरक्षा और समर्थन देने को भी कहा है। सात दिनों के भीतर 'कार्रवाई रिपोर्ट' मांगी गई है।एनसीडब्लू ने यह भी कहा कि हर महिला अधिकारी को एक सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण कार्यस्थल पाने का अधिकार है। सत्ता के दुरुपयोग और कार्यस्थल पर अपमान किए जाने के मामलों को पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

